सुल्तानपुर। साप्ताहिक लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को पुलिस व प्रशासन सख्त नजर आया। बाजार बंद होने से सड़क पर बेवजह घूमने वालों से पुलिस ने पूछताछ करने के साथ कुछ को वापस घर भेज दिया। पुलिस ने कुछ के खिलाफ कार्रवाई भी की है। जिलाधिकारी ने लोगों से संक्रमण से सावधान रहने की अपील की है।
शासन के साप्ताहिक लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के बाजार बंद रहे। लॉकडाउन प्रभावी होने के बाद भी चोरी चुपके कुछ दुकानें खुलने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें बंद करवा दिया।
आदेश का अनुपालन करवाने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्रों में भ्रमण भी करते रहे। बाजार बंद होने के दौरान सड़क से आवाजाही कर रहे कुछ बाइक सवारों से पुलिस ने पूछताछ भी की। पूछताछ में मार्ग पर निकलने की खास वजह नहीं मिलने पर कुछ लोगों को पुलिस ने घर वापस लौटा दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। इधर, बाजार बंद रहने से शनिवार को सड़क पर आवाजाही भी कम रही। बाजार में दुकानें बंद रहने से चहल पहल गायब रही। लॉकडाउन के दौरान फल, सब्जी, दूध, अंडा व मेडिकल स्टोर की दुकानें संचालित होती रहीं। फल सब्जी, दूध की बिक्री ठेलों से भी हुई।
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी सी. इंदुमती ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। डीएम ने कहा कि लॉकडाउन में लोग बेवजह घरों से न निकलें। बुजुर्ग, गर्भवती महिलाओं व बच्चों पर ध्यान दें। बचाव ही संक्रमण पर नियंत्रण का उपाय है।