सुल्तानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित महाकुंभ की तैयारी बैठक में डीएम कुमार हर्ष ने स्पष्ट किया कि कोई भी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राॅली पर सवार होकर स्नान व दर्शन के लिए न जाने पाए। उन्होंने प्रयागराज व अयोध्या समेत अन्य मार्गों पर आवागमन की जानकारी ली।
बैठक में रूट डायवर्जन, यात्रियों के रुकने के चयनित स्थानों पर सुविधाओं की व्यवस्था, परिवहन, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस व्यवस्था, वाहनों पर रिफ्लेक्टर, साफ-सफाई समेत अन्य बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
डीएम ने एआरटीओ नन्द कुमार को निर्देशित किया कि रिजर्व में गाड़ियों की व्यवस्था पहले सुनिश्चित रहे। सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली गाड़ियों की सूचना समय से प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
बैठक में एसपी कुंवर अनुपम सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एस सुधाकरन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली चोपड़ा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।