सुल्तानपुर। अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड में मंगलवार को एफटीसी द्वितीय स्वतंत्र प्रकाश की अदालत में बयान दर्ज करने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। अदालत ने मामले में सुनवाई के लिए 23 अक्तूबर की तारीख तय की है। कोतवाली देहात के भुलकी चौराहे के पास छह अगस्त 2023 को स्थानीय थाने के रहने वाले अधिवक्ता आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
मृतक अधिवक्ता के पिता मो. सलीम ने आरोपी इकरामुद्दीन सहित अन्य के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपियों के खिलाफ एफटीसी द्वितीय की कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। मुख्य आरोपी इनामी सिराज अहमद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ ट्रायल जारी है। मामले में गत 17 सितंबर को पुलिस ने अग्रेतर जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी रिटायर्ड सूबेदार मेजर मंसूर अहमद व सह आरोपी अल्तमश को जेल भेजने की कार्रवाई की है।