गौरीगंज। जगदीशपुर से अठेहा होते हुए लालगंज अझारा तक जाने वाली सड़क जल्द ही स्टेट हाईवे में तब्दील होगी। इस सड़क की कुल लंबाई 67.89 किलोमीटर है।
शासन की मांग पर पीडब्ल्यूडी की ओर से पिछले दिनों सड़क का सर्वे करवाने के बाद इससे जुड़ा संपूर्ण ब्यौरा भेजा भी जा चुका है। सड़क के स्टेट हाईवे के रूप में तब्दील होने से अमेठी व प्रतापगढ़ की बड़ी आबादी के अलावा इस मार्ग का प्रयोग करने वालों को सुविधा होगी।
प्रदेश सरकार प्रत्येक जिले की एक सड़क को स्टेट हाईवे के रूप में तब्दील करने की योजना पर काम कर रही है। इसी योजना के तहत पिछले दिनों सरकार ने जिला प्रशासन के माध्यम से पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजकर सर्वाधिक यातायात घनत्व व महत्व वाली एक सड़क का प्रस्ताव मुहैया कराने को कहा था।
इसके तहत सड़क की लंबाई-चौड़ाई और वह कितने जिलों को जोड़ती है इसका ब्यौरा भेजा जाना था। शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने लखनऊ-वाराणसी (एनएच-56) पर स्थित जगदीशपुर से गौरीगंज होते हुए एनएच-128 पर स्थित प्रतापगढ़ जिले के अठेहा व एनएच-31 पर स्थित लालगंज अझारा (सांगीपुर-घुइसरनाथ होते हुए) तक जाने वाले मार्ग का चयन किया।
इस मार्ग की कुल लंबाई 67.89 किलोमीटर है जो अमेठी जिले में 42.70 व प्रतापगढ़ में 25.190 किलोमीटर है। शासन की मांग पर पीडब्ल्यूडी इसका प्रस्ताव भेज चुकी है।
इस मार्ग के स्टेट हाईवे बनने से दो जिलों की बड़ी आबादी के अलावा दूर दराज की यात्रा के लिए इस सड़क का प्रयोग करने वाले लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी ने जिस सड़क को स्टेट हाईवे में तब्दील करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है वह जगदीशपुर से होकर गुजरने वाले एनएच-56, अठेहा से होकर गुजरने वाले एनएच-128 व लालगंज अझारा से होकर गुजरने वाले एनएच-31 को आपस में जोड़ता है।
जगदीशपुर से निकलने वाली इस सड़क के स्टेट हाईवे बनने से जिले के औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर के अलावा जामों व गौरीगंज, सैठा तथा प्रतापगढ़ जिले की अठेहा, सांगीपुर व लालगंज अझारा बाजार को लाभ मिलेगा। साथ ही इस मार्ग का कायाकल्प होने से जिले के दुर्गन भवानी धाम व प्रतापगढ़ के घुइसरनाथ धाम जाने वालों को अच्छी सड़क की सुविधा मिलेगी।