चांदा में आयोजित उज्ज्वला योजना में पात्रों को गैस कनेक्शन वितरित करते संासद वरुण गांधी।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर आए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने सूबे के विकास कार्यों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सूबे की सरकार केंद्र से मिलने वाले पैसे को विकास कार्यों पर नहीं खर्च कर पा रही है। सरकार के कार्यों की गति से ऐसा लगता है कि वह विकास कार्यों में रुचि नहीं ले रही है। वे लंभुआ के बरुआ दक्षिणी गांव में सभा को संबोधित कर रहे थे।
पीएम सड़क योजना की क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पैसा देती है लेकिन सूबे की सरकार की सुस्त कार्यशैली से कार्य समय से नहीं हो पाता है। इसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का काम कर रही है। दो वर्ष में केंद्र सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से देश का विकास किया है। केंद्र सरकार का ध्यान समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवनस्तर को उठाने पर है।
सुबह लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सांसद वरुण गांधी ने करीब एक दर्जन गांवों में सभा की और लोगों से मुलाकात करके उनकी समस्याएं सुनीं। बैंतीकलां गांव के एक इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत इंदौली गांव की अकबरी बानों पांच महिलाओं को चूल्हा व गैस कनेक्शन पत्र दिया।
कार्यक्रम का आयोजन सांसद प्रतिनिधि एवं जिला उपाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की ओर से किया गया था। इसके पहले लखनऊ से सड़क मार्ग से जिले में प्रवेश करते हुए भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह छंगू, डॉ. सीताशरण व दर्जनों भाजपाई मौजूद रहे।