सुल्तानपुर। अखंडनगर के मरुई किशुनदासपुर निवासी अधिवक्ता महेंद्र प्रताप मौर्या की आठ जून को हुई हत्या के मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। पुलिस की लापरवाही पर शुक्रवार को सपाइयों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया।
सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव के नेतृत्व में पहुंचे सपाइयों ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ता का परिवार डरा सहमा है। डीएम को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को देते हुए सपाइयों ने परिवार को सुरक्षा और शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की। परिवार की स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता दिलाने व घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
इस मौके पर प्रदेश सचिव करुणाकांत मौर्या, पूर्व विधायक कादीपुर भगेलूराम, महासचिव सलाहुद्दीन हाशमी, अशोक वर्मा, वीरेंद्र मौर्या व अन्य मौजूद रहे।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीड़ित पत्नी को भेजा एक लाख का चेक
सुल्तानपुर। मरुई किशुनदासपुर निवासी अधिवक्ता महेंद्र प्रताप मौर्या की हत्या के बाद परिवार की स्थिति को देखते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सहायता के लिए एक लाख रुपये का चेक भेजा था। अधिवक्ता की पत्नी शकुंतला को सुपर मार्केट स्थित कार्यालय बुलाकर शुक्रवार को सपा के प्रदेश सचिव करुणाकांत मौर्या ने एक लाख रुपये का चेक दिया। संवाद