जिले में चोरों ने चोरी का अपना ट्रेंड बदल दिया है। चोरों ने पैदल के बजाय ऑटो का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। गुरुवार देर रात चोर शहर के सिविल लाइन इलाके में सपा नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख के घर के सामने रखे जेनसेट से अल्टीनेटर खोल ले गए। चोरी की ये वारदात बाकायदा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शुक्रवार सुबह सपा नेता के भाई ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
चोरों ने जिले में चोरी करने का ट्रेंड बदल दिया है। वे चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए पैदल के बजाय ऑटो का इस्तेमाल कर रहे हैं। कोतवाली नगर के सीताकुंड इलाके में सपा नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख कूरेभार सत्य कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह का आवास है। गुरुवार रात करीब 1:57 बजे एक ऑटो पर सवार दो युवक सपा नेता के घर के सामने पहुंचे। ऑटो सपा नेता के घर से चंद कदम की दूरी पर रुक गया। वाहन से एक 18-19 साल का लड़का नीचे उतरा और पैदल ही सपा नेता के घर के सामने पहुंच गया।
युवक घर के सामने रखे जनरेटर सेट का अल्टीनेटर खोलने लगा। इस बीच एक जीप आने पर युवक गली से निकलकर टहलने लगा। जीप जब वापस लौट गई तो युवक ने अल्टीनेटर खोलकर ऑटो को गली में बुलाया। ऑटो चला रहा दूसरा युवक गली में वाहन लेकर घुसा और अल्टीनेटर उसपर लादकर दोनों चलते बने। ये पूरा वाकया सपा नेता के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। शुक्रवार सुबह जब सपा नेता घर से बाहर निकले तो जनरेटर का अल्टीनेटर गायब मिला। सिविल लाइन इलाके में हुई चोरी से लोग हैरत में थे।
सपा नेता के भाई प्रवीन सिंह ने कोतवाली पहुंचकर अल्टीनेटर चोरी व सीसीटीवी कैमरे में कैद ऑटो व युवक की जानकारी दी। इस बाबत इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।