भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में बुधवार सुबह खेत की मेड़ काटने के विवाद को लेकर विपक्षियों ने एक युवक को उसके दिव्यांग पिता के सामने ही मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद हत्यारे भाग गए। एसपी व सीओ ने घटनास्थल का जायजा लिया। तीन हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वारदात से गांव में दहशत का माहाैल है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी दिव्यांग हृदयलाल यादव व संदीप वर्मा के परिवार के बीच रंजिश चल रही है। बुधवार सुबह हृदयलाल यादव अपने खेत के कोने पर मेड़ की घास साफ कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी संदीप वर्मा ने उनको रोका।
आरोप है कि संदीप मेड़ काटने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर संदीप हृदयलाल को मारने-पीटने लगा। इससे हृदयलाल घायल हो गए। शोर सुनकर भैंस को चारा डाल रहा उनका बड़ा बेटा जितेंद्र यादव (25) मौके पर पहुंचा।
आरोप है कि जितेंद्र के वहां पहुंचते ही संदीप वर्मा, गौतम वर्मा व गोलू ने उस पर भी हमला कर दिया। संदीप व उसके साथ मौजूद लोगों ने लोहे के राड से जितेंद्र को मारापीटा। उसके सिर पर गंभीर चोट आई। खून से लथपथ जितेंद्र मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया। वहीं पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हत्यारोपी मौके से भाग गए।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा, क्षेत्राधिकारी लंभुआ अब्दुस सलाम घटना स्थल पर पहुंचे। घायल हृदयलाल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी घटना के बारे में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि रंजिश को लेकर हत्या की गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। केस दर्ज किया जा रहा है।
पिता को बचाने में गवां दी जान
सोनबरसा गांव के संदीप व जितेंद्र के परिवार में पहले से ही खेतीबारी को लेकर रंजिश चल रही है। जितेंद्र घर का जिम्मेदार और बड़ा पुत्र था। खेतीबारी से लेकर मवेशियों की देखरेख की जिम्मेदारी उसी के कंधे पर थी। पिता हृदयलाल बाएं हाथ से दिव्यांग हैं। उनको पिटता देख वह बर्दाश्त नहीं कर सका। पिता को बचाने में उसने अपनी जान गंवा दी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
घटना के बाद फरार हुए हत्यारोपी के परिजन
जितेंद्र यादव व आरोपी संदीप वर्मा का घर आमने-सामने हैं। दोनों पड़ोसी हैं। घटना के बाद संदीप के पक्ष के तीन लोगो को पुलिस ने पकड़ा है जबकि परिवार के अन्य लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। उसके घर में ताला बंद है। हत्यारोपी सोनबरसा स्थित ननिहाल में रहता है। उसका मूल घर पखरौली में है।