कूरेभार (सुल्तानपुर)। सेउर चमुरखा गांव के एक घर में बृहस्पतिवार की शाम फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से मां-बेटे झुलस गए। बताया जा रहा है कि मां को बचाने में बेटे को करंट लग गया।
दोनों को आनन-फानन में कूरेभार सीएचसी पहुंचाया गया, जहां बेटे को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार में चीख पुकार मच गई।
सेउर चमुरखा निवासी राजेंद्र मौर्य की पत्नी पूनम (48) बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे अपने घर पर काम कर रही थी। इसी बीच वह फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गईं। वहां मौजूद उनके पुत्र रूपेश मौर्य (22) ने जब अपनी मां को उस हालत में देखा तो वह उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़ा।
मां पूनम को बचाने में बेटे रूपेश को भी करंट लग गया, जिससे वह भी झुलस गया। परिजन दोनों को लेकर सीएचसी कूरेभार पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने रूपेश को मृत घोषित कर दिया। रूपेश बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजस्थान में निजी कंपनी में कार्यरत था। वह कुछ दिनों पहले ही घर आया था।
रूपेश मां-बाप का इकलौता बेटा था। वह अविवाहित था। उसकी एक छोटी बहन कोमल मौर्य (21) है। कोमल की शादी भी नहीं हुई है। रूपेश की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।