सुल्तानपुर। पिछले वित्तीय वर्ष में कराए गए 53 ग्राम पंचायतों का सोशल ऑडिट अभी नहीं हो सका है। विकास विभाग की ओर से कराए जा रहे सोशल ऑडिट से मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास व मिड-डे मील के सोशल ऑडिट से कराए गए कार्य की हकीकत सामने आएगी। विकास विभाग अभी तक 355 ग्राम पंचायतों का ऑडिट करा चुका है।
शासन के निर्देश पर विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2018-19 में ग्राम पंचायतों में मनरेगा, मिड-डे मील व प्रधानमंत्री आवास के कार्यों का सोशल ऑडिट करा रहा है। इसके लिए विकास विभाग ने 408 ग्राम पंचायतों का चयन किया था।
विकास विभाग ने मानदेय पर सोशल ऑडिटर नामित करते हुए उन्हें ऑडिट का जिम्मा सौंपा है। विकास विभाग की ओर से लगाई टीम अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष 355 ग्राम पंचायतों का ही सोशल ऑडिट कर सकी है।
53 ग्राम पंचायतों का सोशल ऑडिट अभी तक नहीं हो सका है। सूत्रों के मुताबिक सोशल ऑडिट में मनरेगा में कराए गए कार्यों की हकीकत सामने आएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास व मिड-डे मील की सच्चाई भी खुलने के आसार हैं।
इसे देखते हुए कुछ ग्राम पंचायतेें ऑडिट से बच रही हैं। फिलहाल विकास विभाग ने शेष ग्राम पंचायतों का भी ऑडिट जल्द पूरा करने का दावा किया है। विकास विभाग के मुताबिक मौजूदा समय में बल्दीराय व प्रतापपुर कमैचा विकास खंड में ऑडिट चल रहा है।
जिला विकास अधिकारी डॉ. डीआर विश्वकर्मा ने बताया कि सोशल ऑडिट के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही कार्य पूरा करा लिया जाएगा। ऑडिट में आने वाली खामियों की रिपोर्ट अधिकारियों को दी जाएगी।