वलीपुर (सुल्तानपुर)। पूरे नवल सिंह चौराहे के पास एक दुकान से टॉफी खरीद रहे एक बच्चे को सांप ने डस लिया। परिवारीजन बच्चे को झाड़-फूंक कराने कुड़वार ले गए, जहां उसकी हालत बिगड़ गई। बच्चे की हालत खराब होने पर परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी कृष्णलाल का छह वर्षीय बेटा अमन बुधवार को पास में स्थित पूरे नवल सिंह चौराहे के पास स्थित दुकान से टॉफी खरीदने गया था। दुकान के पास अमन पहुंचकर टॉफी खरीद रहा था। तभी उसे एक सांप ने डस लिया।
दुकानदार के शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने अमन को कुड़वार झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए, लेकिन उसकी हालत बिगड़ गई। अमन को परिवारीजन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमन की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।