सुल्तानपुर। कामाख्या-इंदौर डाउन एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में शुक्रवार को एक युवक को आरपीएफ ने पकड़ा। उसके पास से बैग में दो जीवित कछुए मिले। कछुआ लेकर वह कोलकाता जाने की फिराक में था। आरपीएफ ने कछुओं व तस्कर को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
कामाख्या-इंदौर डाउन एक्सप्रेस सुबह करीब सवा आठ बजे सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। ट्रेन के रुकने के बाद आरपीएफ की उपनिरीक्षक रचना यादव, कांस्टेबल शिव शंकर उपाध्याय, महिला कांस्टेबल क्रांति सरोज ने एस-6 स्लीपर कोच में चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। उसके पास एक बैग था। आरपीएफ की पूछताछ में वह भागने लगा तो उसे पकड़ लिया गया। उसके बैग की तलाशी ली गई। बैग में दो बड़े जीवित कछुए मिले।
कछुुओं के बारे में पूछताछ में वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। बैग के साथ उसे ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया। उसकी पहचान मनोज कुमार निवासी पकड़ी थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। उसने बताया कि वह कछुआ लेकर कोलकाता जाने की फिराक में था। इसके बाद मनोज व बरामद कछुओं को वन विभाग के अधिकारियों के सिपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में वन दरोगा बृजेश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है।
गैर प्रांतों में चुनाव को लेकर आरपीएफ सक्रिय
जम्मू कश्मीर व हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी आने-जाने वाली ट्रेनों की चेकिंग आरपीएफ की ओर से शुरू की गई है। सभी प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर, एसी कोच पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
- राजकुमार, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ