गौरीगंज (अमेठी)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का अपना आशियाना शहर के नेता रोड पर बनेगा। आवास के लिए जमीन तलाश का काम पूरा होने के बाद बृहस्पतिवार को स्मृति के पति जुबिन ईरानी चिह्नित भूमि देखने पहुंचे।
स्मृति ईरानी ने पिछले लोकसभा चुनाव में जनता से वादा किया था कि यदि वे सांसद चुनी गईं तो लोगों की सुविधा के लिए जिला मुख्यालय पर अपना आवास बनवाएंगी। स्मृति की इच्छा को मूर्तरूप दिया जा सके इसके लिए उनके कई करीबी आवास के लिए भूमि तलाश में जुटे थे।
पिछले दिनों स्मृति के आशियाने के लिए शहर के नेता रोड पर एक भूमि देखी गई थी। बृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आईं स्मृति के साथ आए उनके पति जुबिन ईरानी नेता रोड पहुंचे और चिह्नित भूमि का निरीक्षण किया। स्मृति के निजी सचिव विजय गुप्ता ने बताया कि चिह्नित भूमि जुबिन ईरानी को पसंद आई है।
उन्होंने अति शीघ्र इसे क्रय करके आवास बनवाने की प्रक्रिया शुरू करने की इच्छा जताई है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव विजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, राजेश अग्रहरि मौजूद रहे।
फिलहाल किराए के मकान में रहती हैं मंत्री
स्मृति ईरानी फिलहाल शहर के जामो रोड स्थित एक मकान में किराए पर रहती हैं। वे जब भी आती हैं यहीं रुकती हैं और सुबह-शाम लोगों की समस्याएं भी सुनती हैं। हालांकि यह आवास छोटा होने की वजह से उनसे मिलने आने वालों को सड़क पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है।