सुल्तानपुर। जिले में अप्रैल में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले एक हफ्ते में अधिकतम तापमान 12 डिग्री बढ़कर 26 से 38 डिग्री सेल्सियस हो गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दोपहर के समय लू जैसे हालात बना दिए हैं।
शहर से लेकर गांव तक कामकाज प्रभावित हुआ है। मंगलवार को बाजारों में चहल-पहल कम दिखी, लोग जरूरी काम से बाहर निकले। सार्वजनिक स्थानों पर भी आवाजाही बेहद कम रही। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ना जूस, बेल का शरबत और ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। ई-रिक्शा चालक इरफान ने बताया कि तेज धूप के कारण दोपहर में सवारियां मिलना बंद हो जाती हैं। इधर, सड़कों पर लोग गमछा, टोपी और छाते का उपयोग कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की आशंका जताई है।
स्वास्थ्य पर असर और बचाव
भीषण गर्मी का असर सेहत पर भी दिख रहा है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मंगलवार को आए 50 मरीजों में से बीस डायरिया से पीड़ित पाए गए। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक मिश्रा के अनुसार, हीटवेब को देखते हुए अतिरिक्त बेड और ओआरएस की व्यवस्था की गई है। चिकित्सक अशोक कुमार गुप्ता ने दोपहर 12 से तीन बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने और शरीर को ढककर रखने को कहा गया है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।
ग्रामीण इलाकों में चुनौतियां
ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी ने कामकाज पर असर डाला है। बल्दीराय क्षेत्र में गेहूं की मड़ाई कर रहे किसानों को तेज पछुआ हवा से परेशानी हो रही है। किसान राम उचित द्विवेदी ने बताया कि हवा से भूसा उड़ रहा है, जिससे उसे समेटना मुश्किल है। रघुनाथ मिश्र के अनुसार, थ्रेसर से निकला भूसा दूर तक उड़ जाने से मेहनत और लागत दोनों बढ़ रही हैं। तेज हवा को देखते हुए प्रशासन ने दमकल विभाग को अलर्ट किया है।
अस्पतालों में डायरिया के मरीज बढ़े
गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर देखने को मिल रही है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मंगलवार को आए 50 मरीजों में 20 डायरिया से पीड़ित पाए गए। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक मिश्रा के अनुसार, हीटवेब को देखते हुए अतिरिक्त बेड और ओआरएस की व्यवस्था की गई है। अनियमित खानपान और तेज धूप खासकर बच्चों को तेजी से प्रभावित कर रही है।
बॉक्स
एक सप्ताह का अधिकतम व न्यूनतम तापमान
आठ अप्रैल-26.0-19.0
नौ अप्रैल-28.0-15.0
10 अप्रैल-33.0-15.5
11 अप्रैल-34.0-16.5
12 अप्रैल-35.5-18.5
13 अप्रैल-37.5-17.5
14 अप्रैल-38.0-18.0
इनसेट-
लापरवाही पड़ेगी भारी, बढ़ेगी मुश्किल
-दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें
-पर्याप्त पानी और ओआरएस का सेवन करें
-ढका हुआ और ताजा भोजन ही खाएं
-नींबू पानी, बेल का शर्बत, नारियल पानी लें
-कटे फल और खुले खाद्य पदार्थों से दूरी रखें
-धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढकें
-बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें