सुल्तानपुर। शहर के गंदानाला इलाके में सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ाकर जुआ खेल रहे छह युवकों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से ताश के पत्तों के साथ ही 15 सौ रुपये नकद बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गंदानाला इलाके में स्थित आटा चक्की के पास शुक्रवार की सुबह कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने नगर कोतवाल ओमबीर सिंह चौहान को दे दी।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाल ने एसआई प्रवीन मिश्र, एसआई प्रभाकांत तिवारी और एसआई राम प्रकाश यादव की टीम गठित कर छापा मारने का आदेश दिया। पुलिस टीम ने छापा मारकर छह युवकों को ताश के पत्तों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से 15 सौ रुपये नकद भी बरामद किया गया। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान पवन कुमार, राजेश अग्रहरि, शनी उर्फ मोहित गुप्ता, निहाल बरनवाल, शनि कुमार और आकाश कुमार निवासीगण कोतवाली नगर के रूप में की गई है।