जिला अस्पताल में भर्ती कुपोषित बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
हौसला पोषण मिशन के तहत बाल विकास विभाग की देखरेख में पल रहे छह अति कुपोषित बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। तबीयत अधिक खराब होने पर बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे कई रोगों से ग्रसित बताए जा रहे हैं। तीन दिन के भीतर अचानक छह मासूमों की तबीयत बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
अतिकुपोषित व कुपोषित बच्चों को सामान्य की श्रेणी में लाने के लिए सवा साल से चलाई जा रही हौसला पोषण योजना के दावे की हकीकत सामने आई है। साल भर से योजना चलाने के दावे के बीच पिछले तीन दिनों के भीतर अचानक छह अतिकुपोषित बच्चों की तबीयत बिगड़ गई है।
तबीयत अधिक खराब होने पर छह मासूमों को जिला चिकित्सालय के पुनर्वास पोषण केंद्र में भर्ती कराया गया है। भर्ती बच्चों में लड़कियों की संख्या ज्यादा है। अस्पताल में भर्ती जयसिंहपुर ब्लॉक के पांडेयपुर गांव निवासी श्रवन की पुत्री अंकिता (सात माह) व इसी गांव के विकास की छह माह की पुत्री मीना, दूबेपुर ब्लॉक के खैंचिलाकलां निवासी पप्पू की डेढ़ माह की पुत्री दीपांशी की जांच में रोगों के लक्षण पाए गए हैं।
इसी तरह अखंडनगर ब्लॉक के हरथुआ बभनपुर गांव निवासी दीपक कुमार की डेढ़ साल की पुत्री साक्षी, दोस्तपुर ब्लॉक के धतुरहा नंद गांव निवासी आशीष की पुत्री विनीता (2 वर्ष), कुड़वार ब्लॉक के कस्बा निवासी शिवकुमार के आठ माह के पुत्र शिवा की जांच में भी कई रोगों के लक्षण मिले हैं। पुनर्वास केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. केएन गुप्ता ने बताया कि छह बच्चों को भर्ती कराया गया था। इसमें शिवा व मीना के परिवारीजन उन्हें लेकर घर चले गए हैं। बाकी बच्चों का उपचार चल रहा है।