छोटा घोसियाना पालपुर में डेंगू के छह नए मरीज मिलने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। तीन मरीजों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। लगातार क्षेत्र में बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप मरीजों से ग्रामीणों में खौफ है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के छोटा घोसियाना पालपुर निवासी पीर मोहम्मद की पत्नी जैबुल निशां की बीते मंगलवार को डेंगू से मौत हो गई थी। इसी मोहल्ले में अफरोज जहां (30) व सोनी (22) पुत्री सिराज को गुरुवार को तेज बुखार था। जांच में दोनों बेटियों में डेंगू की पुष्टि होने पर परिवारीजन लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। इसी मोहल्ले के आरिफ की बेटी हसीम बानों (30) में डेंगू की पुष्टि होने पर परिवारीजन क्षेत्र के इंडोगल्फ अस्पताल में भर्ती कराया है।
जुगल किशोर की पत्नी भी डेंगू से पीड़ित है जबकि मोहम्मद खालिक की पत्नी आलिया बानो (32) भी डेंगू की चपेट में आकर बीमार है। मोहम्मद खालिक के घर में किराए पर रहने वाला मुंशीर अहमद भी डेंगू से पीड़ित है। सीएचसी प्रभारी डॉ. गुलाम अहमद खां ने बताया कि डेंगू से पीड़ित नए मरीज मिलने की पुष्टि हुई है।
करौंदीकलां में युवक भर्ती
करौंदीकलां (सुल्तानपुर)। बौढ़ियाबालमऊ गांव में डेंगू से पीड़ित एक मरीज मिला है। परिवारीजनों ने पीड़ित युवक को एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। करौंदीकलां थाना क्षेत्र के बौढ़िया बालमऊ निवासी सिद्धार्थ सिंह (21) पुत्र अमर बहादुर सिंह दो हफ्ते से बुखार से पीड़ित था। बुखार नहीं उतरने पर परिवारीजन उसे लेकर मुंबई गए। मुंबई में हुई जांच में सिद्धार्थ डेंगू से पीड़ित पाया गया। परिवारीजन सिद्धार्थ को लेकर वापस गांव लौट आए। परिवारीजनों ने सिद्धार्थ को एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।