सुल्तानपुर। भइया दूज (यम द्वितीया) पर बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बहनों ने भाइयों का तिलक किया और उनकी लंबी आयु व संकट मुक्ति की कामना की। भाइयों ने भी बहनों के घर पहुंच तिलक पूजन कराया और बहनों को तरह-तरह के उपहार दिए।
दीपावली व प्रतिपदा के बाद पड़ने वाले भइया दूज का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। बहनों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धज कर दूज पूजन किया। कई स्थानों पर बहनों ने एकत्र होकर यमराज व चंद्रमा का गोबर से चित्र बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
यम द्वितीया की कथा सुनने के बाद प्रसाद चढ़ाकर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र व भय बाधाओं से दूर रहने की कामना की। भाइयों ने बहनों के घर पहुंच उनसे तिलक-पूजन कराया और उनका मुंह मीठा कर प्रसाद ग्रहण किया। भाइयों ने बहनों को कीमती उपहार व बधाइयां दी। दूरदराज व परदेस में रहने वाले लोगों ने बहनों के घर पहुंच परंपरा का निर्वहन किया। बच्चों में इस त्योहार को लेकर गजब का उत्साह रहा।
स्वर्णकार समाज के तत्वावधान में सोमवार को गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम हुआ। शहर के मेजरगंज स्थित काली मंदिर पर सामूहिक रूप से भगवान गोवर्धन की पूजा की गई। पूजा करने वाले लोगों ने घर-परिवार के साथ ही देश व समाज की खुशहाली की कामना की।
गोवर्धन पूजा में मेजरगंज, ठठेरी बाजार, दरियापुर, चौक, रुहट्ठा गली, शाहगंज समेत अन्य कई स्थानों की महिलाओं ने भाग लिया। गोवर्धन पूजा के बाद बहनों ने अपने भाइयों की आरती उतारी व उनका मुंह मीठा कराया।