फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: एक लाख का इनामी होगा सिराज, कुर्की की तैयारी में जुटी पुलिस

Tue, 15 Aug 2023 12:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड का मुख्य आरोपी सिराज अहमद और उसका साथी प्रिंस अब एक लाख रुपये के इनामी हो जाएंगे। इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने एडीजी जोन को पत्र भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने का प्रयास भी तेज कर दिया है। हालांकि सीजेएम कोर्ट में कोतवाली देहात की ओर से दाखिल कुर्की की अर्जी सीजेएम ने निरस्त कर दी है।
विज्ञापन

अधिवक्ता आजाद अहमद की पिछले छह अगस्त को कोतवाली देहात थाने के भुलकी चौराहे के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके भाई मुनव्वर अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कोतवाली देहात थाने में लोलेपुर गांव के हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद उर्फ पप्पू, घरहा कला निवासी इस्माइल उर्फ प्रिंस, गोसांईगंज थाने के भोएं कठार निवासी इकराम उर्फ इकरामुद्दीन, कोतवाली नगर के खैराबाद मोहल्ले के निवासी सैयाद, सलमान, सोहराब के साथ मृतक के मौसा समीम उर्फ लड्डन व मौसी अख्तरुन निशा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में नामजद छह आरोपियों के साथ हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद उर्फ पप्पू के भाई मेराज को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मुख्य अभियुक्त सिराज अहमद उर्फ पप्पू व इस्माइल उर्फ प्रिंस फरार चल रहे हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा करा दिया है। हत्याकांड की विवेचना कर रहे कोतवाली देहात एसओ कृष्ण मोहन सिंह ने सोमवार को सीजेएम सपना त्रिपाठी की कोर्ट में अर्जी देकर कुर्की का आदेश देने की मांग की। हालांकि, सीजेएम ने विवेचक को कुर्की का आदेश नहीं दिया। इससे पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा है।
विज्ञापन

उधर, पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने फरार दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए इनाम की राशि बढ़ाए जाने की मांग की है। 13 अगस्त को एडीजी जोन को भेजे अपने पत्र में उन्होंने इनाम की राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख किए जाने की सिफारिश की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों की तलाश में निरंतर दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों पुलिस के काबू में होंगे। उन्होंने बताया कि कुर्की आदेश के लिए दोबारा आवेदन किया जाएगा।

एसटीएफ की कई टीमों ने बिछाया जाल
सिराज और प्रिंस को पकडने के लिए यूपी एसटीएफ ने कई टीमें बनाई हैं। सिराज लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। यह देखते हुए जिले में भी उसके आने की आशंका देखते हुए एसटीएफ सतर्क है। इसलिए कादीपुर समेत सीमावर्ती इलाकों में खास नजर रखी जा रही है। इसके अलावा गैर प्रदेशों में जहां भी उसके नेटवर्क खंगाले जा रहे हैं।
वकीलों ने मनाया विरोध दिवस, 16 को होगी बैठक
अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड को लेकर बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने प्रदेश भर में विरोध दिवस मनाने का आह्वान किया था। इसके लिए बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पांचूराम मौर्य ने आदेश जारी किया था। बार कौंसिल के आह्वान पर सोमवार को जिले के वकीलों ने विरोध दिवस मनाया। विरोध दिवस के कारण वकीलाें ने कार्य बहिष्कार किया। कार्य बहिष्कार से अदालतों में न्यायिक कार्य ठप रहा। मुकदमों की सुनवाई नहीं होने से वादकारियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अरविंद पांडेय ने मामले में अगली रणनीति तय करने के लिए 16 अगस्त को बैठक बुलाई है।
दीवानी न्यायालय पहुंचे बार कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष
बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष व मौजूदा सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी सोमवार को दीवानी न्यायालय पहुंचे। उन्होंने बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विद्या भूषण पांडेय व अन्य वकीलों से अधिवक्ता हत्याकांड के बारे में जानकारी ली। पूर्व अध्यक्ष ने एसपी सोमेन बर्मा को फोन करके मामले में अब तक हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली औा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
कादीपुर में वकीलों ने एसडीएम काे दिया ज्ञापन
कादीपुर। अधिवक्ता आजाद अहमद की हत्या और कई अन्य जगहों के उत्पीड़न के विरोध में सोमवार को तहसील के वकीलों ने काला फीता बांधकर न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रंजीत सिंह की अगुवाई में वकीलों ने मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम महेंद्र कुमार को दिया। ज्ञापन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी करने, उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने, अधिवक्ता सुरक्षा कानून पास करने और मृत अधिवक्ता के परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें