समाधान दिवस के दाैरान बल्दीराय तहसील में शिकायतें सुनाते फरियादी। -संवाद
सुल्तानपुर। साहब, उपजिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के बाद दो साल से खेत की पैमाइश कराने के लिए दौड़ रहा हूं। लेखपाल आनाकानी कर रहे हैं। अभी तक मेरी समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। बहुरावां निवासी मनीराम के प्रार्थनापत्र को डीएम इंद्रजीत सिंह ने तुरंत संज्ञान लेकर पैमाइश के निर्देश दिए।
सोमवार को डीएम के साथ मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने बल्दीराय के तहसील समाधान दिवस में 160 शिकायतों की सुनवाई करते हुए 45 को निस्तारित कराया। जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ उपजिलाधिकारी प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार भी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम के कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की वजह से पीड़िताें को डीएम का काफी इंतजार करना पड़ा। सदर, जयसिंहपुर, कादीपुर व लंभुआ में उपजिलाधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतें सुनी गईं।
.......................
पट्टे की खाली जमीन पर विपक्षी ने कर लिया कब्जा
डेहरियावां के पूरे चका निवासी रामसुभावन ने प्रार्थनापत्र देते हुए बताया कि आवासीय पट्टे के लिए मिली जमीन पर उनका मकान बना रहा है। बची जमीन पर विपक्षी ने छप्पर रखकर कब्जा कर लिया है। उन्होंने इसे खाली कराने की मांग की।
...........................
पंचायत मतदाता सूची से काट दिए गए परिवार के पांच नाम
ग्राम पंचायत हैंधनाकला के नेवादा निवासी सुनील कुमार सिंह ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके परिवार के पांच सदस्यों के नाम पंचायत की मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। पूर्व में इन सदस्यों के नाम सूची में थे। उन्होंने फिर से सभी सदस्यों का नाम सूची में शामिल कराने की मांग की।