कुड़वार के चितईपुर में सूची का सत्यापन करते बीएलओ।
- फोटो : कुड़वार के चितईपुर में सूची का सत्यापन करते बीएलओ।
सुल्तानपुर। विधानसभा मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत पांचों विधानसभा क्षेत्राें के प्रपत्रों के जमा होने पर 1.55 लाख मतदाता शिफ्टेड (स्थानांतरित) मिले हैं। वहीं, 58 हजार मृतक व 66 हजार अनुपस्थित मिले हैं। करीब 39 हजार अन्य प्रकार के मतदाता मिले हैं। इनका प्रपत्र भी नहीं जमा हो सका है।
निर्वाचन आयोग ने स्थिति को देखते हुए प्रपत्रों को बीएलओ एप पर फीडिंग कराने व शेष मतदाताओं के सत्यापन के लिए 26 दिसंबर तक तिथि बढ़ा दी है। इसके बाद अभी तक प्रपत्रों को नहीं जमा करने वाले 3.20 लाख मतदाताओं का सत्यापन फिर शुरू हो गया है। सत्यापन में 150 अधिकारियों के साथ बीएलओ व सुपरवाइजरों को भी लगाया गया है। अधिकारी आवंटित बूथ पर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं।
सूची पारदर्शी बनाने के लिए बीएलओ ने स्थानांतरित, अनपुस्थित, अन्य मतदाताओं व मृतकों की सूची राजनीतिक दलों के बीएलए को दे दी है। बीएलए उसकी पड़ताल कर रहे हैं। बूथों पर राजनीतिक दलों के बीएलए के साथ बीएलओ की बैठकें अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि राजनीतिक दलों के बीएलए सूची को सत्यापित करते हुए छूटे लोगों का प्रपत्र जमा करा सकते हैं। मृतकाें व स्थानांतरित मतदाताओं का नाम गलत दर्ज होने पर ऐसे परिवारों के लोग प्रपत्र भरकर जमा कर सकते हैं। सत्यापन के बाद एप पर ऐसे प्रपत्रों की फीडिंग की जाएगी। सत्यापन का कार्य चल रहा है।