कुड़वार। ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित पांच दिवसीय सेवा संकल्प अभियान शिविर तीसरे दिन शुक्रवार को भी प्रभावी नहीं रहा। लघु सिंचाई, खाद्य एवं रसद और पंचायत सहित कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित रहे। पर्याप्त प्रचार-प्रसार के अभाव में ग्रामीणों को शिविर की जानकारी नहीं हो पाई। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर सन्नाटा पसरा रहा।
शिक्षा, बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और पशुपालन जैसे विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों की गैरमौजूदगी से अधिकांश स्टॉल सूने पड़े रहे। विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति और जानकारी के अभाव ने शिविर की उपयोगिता पर सवाल खड़े किए हैं। खंड विकास अधिकारी विवेक कटियार ने बताया कि अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। संवाद