सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण को लेकर साप्ताहिक लॉकडाउन के आखिरी दिन भी बाजारों में बंदी रही। बंदी से बाजारें सूनी रहीं। प्रमुख मार्गों पर थोड़ी बहुत आवाजाही होती रही। पुलिस ने पैदल मार्च कर बंदी का जायजा लिया।
शासन ने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए साप्ताहिक बंदी जारी रखी है। साप्ताहिक दो दिनों की बंदी को लेकर रविवार को आखिरी दिन भी शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बाजारें बंद रहीं।
बंदी से शहर की चहल-पहल गायब रही और सन्नाटा रहा। इस दौरान जरूरी सेवाएं संचालित होती रहीं। फल, सब्जी, दूध, मेडिकल स्टोर समेत कुछ जरूरी सेवाओं की दुकानें खुली रहीं।
प्रमुख मार्गों पर थोड़ी-बहुत आवाजाही होती रही, लेकिन रोजाना की अपेक्षा भीड़ कम रही। बंदी का असर आवाजाही पर भी रहा। इस बीच जरूरी सेवाओं से संबंधित सरकारी कार्यालय भी थोड़े कर्मचारियों के साथ संचालित रहे।
पुलिस ने शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल मार्च कर बंदी का जायजा लिया। पुलिस ने खुली कुछ दुकानों को बंद भी कराया। सोमवार की सुबह सात बजे से बाजार का संचालन फिर शुरू हो जाएगा।