गोसाईंगंज (सुल्तानपुर)। संदिग्ध परिस्थितियों में थाना क्षेत्र के इटकौली गांव में बृहस्पतिवार सुबह दुकानदार का शव कमरे में फंदे से लटकता देखा गया। मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवारजनों के मुताबिक वह किसी बात को लेकर तनाव में थे।
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के इटकौली निवासी दीपक कसौधन उर्फ शनी (32) का लखनऊ-बलिया हाईवे पर मकान है। मकान के अगले हिस्से में चाय-पान की दुकान कर रखी थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे घर के लोग जब उसके कमरे के अंदर गए तो अवाक रह गए। दीपक का शव रस्सी के सहारे छत में लगे हुक से लटक रहा था। लोगों ने घटना के बारे में गोसाईंगंज थाने की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
मृतक दीपक के घर में वृद्ध पिता मिश्रीलाल, पत्नी रंजू कसौधन, पुत्री नैना (9), नैंसी (5) व दो वर्ष की पुत्री प्रियांशी रहते हैं। दीपावली के दिन दीपक की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मची है। (संवाद)