सुल्तानपुर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से तीन घर और दो दुकानों में रखा सामान जल गया। स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत से किसी तरह से आग पर काबू पाया गया।
शहर के शाहगंज चौराहा निवासी राजेश सोनी की चौक ठठेरी बाजार में ज्वैलर्स शॉप है। बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे उनकी दुकान मेें आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। मेजरगंज में आदर्श सोनी की ज्वैलरी शॉप में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई। वहां पर फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के हमजाबाद निवासी सपना के घर में शुक्रवार शाम दीपक जलाते समय उठी लपट से आग लग गई। आग से घटना में आलमारी, बक्सा, बर्तन, कपड़ा, गहना, रुपया और अनाज जल कर नष्ट हो गया। एसडीएम संतोष कुमार ओझा ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को क्षति के आकलन के लिए भेजा गया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर बड़ागांव गांव निवासी लीलावती के छप्पर के मकान में शुक्रवार रात खाना बनाते समय आग लग गई। इससे हजारों की गृहस्थी का सारा सामान जल कर राख हो गया। शनिवार को हल्का लेखपाल देवनारायण उपाध्याय ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील को भेजी है। कुड़वार थाना क्षेत्र के सरैया पूरे विसेन गांव में बृहस्पतिवार रात अमित कोरी के घर में आग लग गई। आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया।
आग से जल गईं जलनिगम की पाइपें
दोस्तपुर(सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के खालिसपुर डींगुर स्थित जलनिगम के स्टोर में अज्ञात कारणों से शनिवार की दोपहर आग लग गई। आग से पाइपें जलकर राख हो गई। अवर अभियंता राम आशीष तिवारी ने बताया कि लाखों रुपये की पाइप जल गई। अग्निशमन दल नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
चाय की दुकान में लगी आग
दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे पर राजेंद्र प्रसाद की चाय की दुकान में शुक्रवार देर रात अज्ञात कारण से आग लग गई। आग लगने से दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के मुताबिक करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।