चांदा के शाहपुर स्थित शिव धाम एवं लंभुआ के जनवारीनाथ धाम में चार करोड़ की लागत से बने शिवधाम ईको पर्यटन स्थल एवं जनवारीनाथ धाम यात्री शेड का लोकार्पण पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह सोमवार को करेंगे। साथ ही दोनों स्थलों को प्रदेश के पर्यटन के नक्शे पर लाने की घोषणा भी की जाएगी। यह जानकारी कार्यक्रम के आयोजक व जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बब्लू ने पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि शाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह एवं भूतत्व एवं खनिकर्म मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति दो करोड़ 70 लाख की लागत से बने शिव धाम ईको पर्यटन स्थल व एक करोड़ 25 लाख की लागत से बने जनवारीनाथ धाम यात्री शेड का लोकार्पण करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मत्स्य निगम के अध्यक्ष राजपाल कश्यप भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
इसके अलावा गौरीगंज विधायक राकेश सिंह, अयोध्या विधायक तेजनरायन पांडेय पवन, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, सदर विधायक अरुण वर्मा, सुल्तानपुर विधायक अनूप संडा, कादीपुर विधायक रामचंद्र चौधरी, इसौली विधायक अबरार अहमद, श्रम आयोग के अध्यक्ष रघुवीर यादव, महिला आयोग की उपाध्यक्ष जानकी पाल, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शकील अहमद समेत सपा के कई नेता कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रो. रामसहाय यादव करेंगे।