भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया। शनिवार रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होने पर श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन किया। कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर शहर में कई जगह झांकियां निकाली गईं। कृष्ण भक्तों ने उपवास रख अपने और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
शहर के पुलिस लाइंस स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भजन-कीर्तन के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बगल भगवान कृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। अधिकतर स्थानों पर मिट्टी की मूर्तियों की स्थापना कर भगवान श्रीकृष्ण की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। विनोबापुरी मोहल्ले में स्थित महाकालेश्वर मंदिर पर भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शनिवार की रात 12 बजे जन्मोत्सव के बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसी तरह शहर के नैनादेवी मंदिर, चौक हनुमागढ़ी, शाहगंज पुलिस चौकी, डाकखाना चौराहा, अमहट स्थित जिला कारागार आदि स्थानों पर भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही।
कुड़वार विकास क्षेत्र के राजापुर बाजार, मुराई टोला समेत कई बाजारों व गांवों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की झांकी निकाली गई। रात 12 बजते ही गोले-तमाशे छूटने लगे और महिलाओं ने मंगल गीत गाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाई। इसके बाद लोगों में प्रसाद वितरित किया गया। दोस्तपुर कस्बे के बभनइया पूरब, बभनइया पश्चिम छावनी, कोइराना नई बाजार, पंडा टोला आदि जगहों पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। कादीपुर, लंभुआ, जयसिंहपुर तहसीलों के अलावा कई ब्लॉक क्षेत्रों में भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम रही।