हाईकोर्ट के फैसले के बाद रविवार को शिक्षामित्रों ने बैठक कर आगे की कार्ययोजना बनाई। साथ ही कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर विरोध भी जताया।
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन एवं प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण पार्क में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शिक्षामित्रों ने उच्च न्यायालय के निर्णय पर चर्चा करते हुए कहा कि अब हमारे पास अंतिम मौका है। हम सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करेंगे।
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्रा ने कहा कि हमें संघर्ष के बल पर ही सब कुछ मिला था। इसी के बूते हम दोबारा वापस होंगे। प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने कहा कि आप सभी शिक्षामित्रों को धैर्य से काम लेना चाहिए। प्रदेश स्तरीय संगठन के सुप्रीम कोर्ट में कमजोर दिखने पर खुद सुल्तानपुर के लोग मजबूती से केस लड़ेंगे। बैठक में कुछ शिक्षामित्रों ने दोनों संगठनों के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों को कोसते हुए कहा कि समय-समय पर आर्थिक सहयोग लेने के बावजूद हम उच्च न्यायालय में सही ढंग से केस नहीं लड़ सके। नतीजतन हमें यह दिन देखना पड़ रहा है।
बैठक के बाद शिक्षामित्रों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर दोनों संगठनों के जिलाध्यक्ष के साथ-साथ महामंत्री प्रदीप यादव, पवन कुमार, केसी मिश्र, विजयधर मिश्र, रामसुभावन, प्रमोद दुबे, सुतीक्ष्ण तिवारी, धीरज श्रीवास्तव मौजूद रहे।