सुल्तानपुर। दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा ऐश्वर्या ने छात्रवृत्ति व फेलोशिप नहीं मिलने के कारण आत्महत्या कर ली थी। इसी प्रकरण को लेकर बुधवार को छात्र संगठन एसएफआई ने जिले में कई स्थानों पर प्रदर्शन किया।
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिला मंत्री सौरभ मिश्र ने कहा कि छात्रा ऐश्वर्या की मौत को हम आत्महत्या नहीं मानते। आरोप लगाया कि यह एक प्रकार का संस्थागत मर्डर है। ऐश्वर्या को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय से इंस्पायर फेलोशिप मार्च महीने में ही मिलनी थी, जो नवंबर महीने तक नहीं आई।
दूसरी तरफ कॉलेज प्रशासन की तरफ से फीस भरने का दबाव लगातार बनाया जा रहा था। ऑनलाइन एजूकेशन के लिए लैपटॉप और मोबाइल की आवश्यकता भी आर्थिक बोझ था। सरकार की गलत नीतियों के चलते ही ऐश्वर्या ने आत्महत्या की। यह बातें उसने अपने सुसाइड नोट में भी स्पष्ट की है।
जिलाध्यक्ष सैफ हामिद अली खान ने कहा कि छात्रवृत्ति/फेलोशिप छात्रों का हक है। इसके माध्यम से छात्र अपनी पढ़ाई पूरा करता है। छात्र नेता सुधीर ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। ऐसी घटनाओं के दोषियों को तत्काल सजा मिलनी चाहिए। इस मौके पर आंचल, साक्षी, कोमल, मोना, पिंकी, कीर्ति, रोहित, मोनू, विवेक, कुलदीप, हर्षित समेत तमाम लोग मौजूद रहे।