सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सुरक्षा गार्डों से मारपीट और हंगामे की घटना का असर शनिवार को भी अस्पताल की व्यवस्था पर दिखाई दिया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी समेत संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी, जबकि दिनभर मरीजों और तीमारदारों के बीच दहशत और चर्चा का माहौल बना रहा। उधर, जूनियर डॉक्टरों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।
शुक्रवार रात करीब 8:10 बजे अमेठी जिले के मोचवा गांव निवासी खुशी यादव को इलाज के लिए लेकर परिजन पहुंचे थे। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामे करने लगे। रोकने पर गार्ड से उलझ गए और पिटाई कर दी, वर्दी फाड़ दी। बीच-बचाव में आए लोगों की पिटाई कर दी। देर रात वरिष्ठ डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद हालात सामान्य हो सके थे। शनिवार सुबह से ही अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
इमरजेंसी वार्ड के बाहर सुरक्षा गार्डों की संख्या भी बढ़ाई गई। इस मामले में ईएमओ डॉ. दिग्विजय सिंह की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने अशोक यादव, धीरज, अंकित, अमित, मो. इकरार निवासी मोचवा, पीपरपुर जिला अमेठी समेत चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ नगर सौरभ सामंत ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।