जुगाड़ से की जा रही विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। मंगलवार को 20वें दिन रवनिया फीडर का दूसरा वैक्यूम इंसेक्टर भी जल गया। इससे क्षेत्र के 36 गांवों की 50 हजार आबादी उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं मिलने से परेशान है। राजकीय नलकूपों के नहीं चलने से किसानों की धान की नर्सरी पिछड़ने लगी है।
20 दिन पहले स्थानीय विकास क्षेत्र के सरस्वती नगर पावर हाउस के रवनिया फीडर का एक वैक्यूम इंसेक्टर जल गया था। इस वजह से सबमर्सिबल और नलकूप के मोटर ठप थे। कुछ गांवों में लाइट की बिजली आपूर्ति हो रही थी।
मंगलवार को फीडर का दूसरा वैक्यूम भी जल गया। इस वजह से पावर हाउस से जुड़े 36 गांवों की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई है। बिजली नहीं मिलने से क्षेत्र की 50 आबादी प्रभावित हो रही है। राजीव गांधी परियोजना के अंतर्गत हुए विद्युतीकरण वाले कई गांवों की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है। पावर हाउस कर्मियों के मुताबिक बहाउद्दीनपुर फीडर की अपेक्षा रवनिया फीडर पर लोड अधिक रहता है।
इस वजह से आए दिन इस फीडर में फॉल्ट आता रहता है। राजकीय नलकूपों के नहीं चलने से किसान धान की नर्सरी नहीं डाल पा रहे हैं।