अमहट सब्जी मंडी का निरीक्षण करने पहुंचीं एसडीएम गरिमा सोनकिया। स्रोत-व्यापारी
सुल्तानपुर। अमहट सब्जी-फल मंडी की बदहाल व्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सोमवार को उप जिलाधिकारी गरिमा सोनकिया ने व्यापारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई बैठक में मंडी की समस्याओं का स्थल निरीक्षण भी किया गया।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी भी बैठक में शामिल हुए। मंडी अध्यक्ष मोहम्मद शमीम लइया ने बताया कि चार माह से सफाई का ठेका नहीं हुआ है। बारिश में जलभराव, चोक नालियां, जर्जर व बदबूदार प्रसाधन और पेयजल की समस्या से व्यापार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने मंडी लाइसेंस के नाम पर निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक वसूली का आरोप भी लगाया। एसडीएम ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया और कहा कि भ्रष्टाचार में किसी अधिकारी-कर्मचारी की संलिप्तता मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस मौके पर मोहम्मद नसीम, मुकेश सोनकर, मोनू, मोहम्मद फुकरान, मोहम्मद सिद्दीकी व पप्पू सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।