सुल्तानपुर। विज्ञान एवं गणित के क्षेत्र में अपार संभावनाओं को देखते हुए छात्रों में इन विषयों के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में माध्यमिक शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। जिले में संचालित सभी 25 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में गणित व विज्ञान क्लब गठित किए जाएंगे। क्लब के संचालन के लिए प्रत्येक स्कूल को 10-10 हजार रुपये आवंटित किए गए है।
क्लब के गठन का उद्देश्य राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों में गणित व विज्ञान विषय पढ़ने में अभिरुचि पैदा करना है। इसके तहत शिक्षक कक्षा के इतर बच्चों से अनौपचारिक बातचीत कर उनका मार्गदर्शन करेंगे ताकि विद्यार्थी की प्रतिभा को एक बेहतर मंच प्रदान किया जा सके।
इसका क्रियान्वयन गणित व विज्ञान क्लब के माध्यम से होगा। इसके लिए प्रत्येक कॉलेज को 10 हजार रुपये का बजट आवंटित किया गया है। क्लब के गठन से विद्यार्थियों को तार्किक दृष्टिकोण, समस्या समाधान व गणित के सिद्धांतों को रोचक ढंग से सीखने का मौका मिलेगा।
इस तरह होगा क्लब का गठन
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक अखिलेश पांडेय ने बताया कि विद्यालयों में गठित होने वाले विज्ञान व गणित क्लब के संरक्षक प्रधानाचार्य होंगे। इसमें मार्गदर्शक के तौर पर संबंधित विषय के शिक्षक को शामिल किया जाएगा। इसका अध्यक्ष कक्षा 11 का वह मेधावी होगा जिसे हाईस्कूल में विज्ञान व गणित में सर्वाधिक अंक प्राप्त हुए होंगे जबकि सचिव कक्षा 10 का वह छात्र होगा जिसके कक्षा नौ में विज्ञान व गणित में सबसे अधिक नंबर आए होंगे।
आठवीं में इन विषयों में सबसे ज्यादा अंक लाने वाले छात्र सहायक सचिव और सदस्य कक्षा 10 एवं 11 के वे छात्र होंगे जिन्होंने कक्षा नौ एवं 10 में विज्ञान व गणित विषय में दूसरा स्थान प्राप्त किया हो।
भेज दिया गया है बजट
राजकीय कॉलेजों में गणित व विज्ञान क्लब का गठन करने के लिए बजट भेज दिया गया है। प्रधानाचार्यों को इस क्लब की गतिविधियों की वीडियो क्लिप बनाकर भेजनी होगी।
- रवि शंकर, डीआईओएस