सुल्तानपुर के कंपोजिट विद्यालय नूरमपट्टी में भरा पानी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। मानसून की पहली बारिश में ही परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्था की पोल खुल गई। बारिश से कई विद्यालय परिसर लबालब हो गए। शिक्षण कक्षों में पानी घुस गया। कुछ जगहों पर बरसात की वजह से विद्यालय भवनों की छतें भी टपकती मिली। बारिश से पढ़ाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई। अधिकांश विद्यालयों में नाम मात्र के विद्यार्थी विद्यालय पहुंचे।
बल्दीराय क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भवानीगढ़ में जलभराव से परिसर लबालब हो गया। विद्यार्थियों के शिक्षण कक्षों तक पहुंचने में समस्या हुईं। शिक्षकों ने ईंटें रखकर परिसर से शिक्षण कक्ष तक पहुंचने की व्यवस्था की। लंभुआ क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय नूरमपट्टी में मुख्य द्वार से विद्यालय भवन तक पहुंचने के लिए बनाई गई इंटरलाकिंग सड़क पानी में डूब गई। इसकी वजह से शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को कक्षा कक्षों तक पहुंचने में परेशानी हुई। कुड़वार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर बरसात के पानी से लबालब हो गया। परिसर में पानी भरा होने से शिक्षकों और बच्चों को परेशानी हुई।
लंभुआ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पांडेयपुर में भारी बारिश से जलभराव हो गया। इसकी वजह से विद्यार्थियों व शिक्षकों को परेशानी झेलनी पड़ी। प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर में बारिश की वजह से पानी कक्ष में घुस गया। कक्ष में रखा राशन व एमडीएम की सामग्री बारिश के पानी में भीग गईं। अध्यापकों ने किसी तरह सामानों को सुरक्षित रखवाया। बीएसए दीवान सिंह यादव का कहना है कि जिन विद्यालयों में बारिश की वजह से जलभराव की समस्या हो रही है। वहां के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि प्रधान व ग्राम पंचायत सचिव से समन्वय स्थापित कर जल निकासी की व्यवस्था कराएं।