सुल्तानपुर। कस्बा स्थित एसबीआई की शाखा में सोमवार को सर्वर फेल रहा। सर्वर फेल होने से बैंक में खाताधारकों के धन की जमा-निकासी, क्लीयरिंग समेत अन्य कार्य ठप रहे। दिन भर खाताधारक सर्वर आने का इंतजार करते रहे। देर शाम तक सर्वर ठीक नहीं हो सका था। सर्वर की समस्या से करीब 20 लाख का लेन-देन प्रभावित रहा।
कस्बा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की दोस्तपुर शाखा में करीब दो हजार से अधिक खाताधारक हैं। सोमवार की सुबह खाताधारकों की भीड़ लगी। जैसे ही बैंक का कामकाज शुरू हुआ, सर्वर फेल हो गया। सर्वर फेल होने से बैंक के कंप्यूटरों पर नेटवर्क एरर शो करने लगा।
उसके बाद कार्य ठप हो गया। ऐसे में बैंक के काउंटर पर खड़े खाताधारकों व बैंक कर्मियों के बीच कहासुनी भी हुई। हालांकि स्थानीय बैंक अधिकारियों ने खाताधारकों को शांत करवाया। दोपहर तक बैंक शाखा में मौजूद खाताधारक सर्वर दुरुस्त होने का इंतजार करते रहे लेकिन शाम तक वह ठीक नहीं हो सका।
सर्वर फेल होने से खाताधारकों के धन की जमा-निकासी समेत अन्य बैंकिंग कार्य पूरी तरह से ठप रहे। सर्वर की समस्या से करीब 20 लाख का लेन-देन प्रभावित रहा। खाताधारकों ने बताया कि कई दिनों से बैंक में सर्वर की समस्या चल रही है। इस संबंध में बैंक के शाखा प्रबंधक विक्रम आजाद ने बताया कि सुबह से ही सर्वर फेल रहा। इसकी सूचना मुख्यालय को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सर्वर ठीक होने की उम्मीद है।