अमेठी। पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को जिला अस्पताल के साथ ही सभी सीएचसी/पीएचसी समेत 892 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के करीब 1.28 लाख बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई गई। जिला अस्पताल में डीएम ने तो बूथों पर नामित अधिकारियों ने सुबह 10 बजे नवजात को खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
शासन के निर्देश पर पोलियो जैसी घातक बीमारी को समाप्त करने के लिए स्वास्थ्य महकमे की ओर से रविवार को पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान चलाया गया। अभियान में शून्य से पांच वर्ष तक के 3,44,849 बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिह्नित किया गया है।
अभियान के तहत रविवार को बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने के लिए संयुक्त जिला अस्पताल, सीएचची व पीएचसी समेत कुल 892 बूथ बनाए गए थे।
बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से बुलावा टीमें गठित की गई थीं। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों व डेरा भट्ठों पर पोलियोरोधी खुराक पिलाने के लिए 25 मोबाइल व 29 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया था। रविवार को दिन भर चले अभियान में 1.28 लाख बच्चों को ही खुराक पिलाई जा सकी।
रविवार को मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला चिकित्सालय में डीएम अरुण कुमार ने नवजात को पोलियोरोधी खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर जिला अस्पताल में चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सक्सेना व डॉ. लईक अहमद समेत कई लोग मौजूद रहे।