गौरीगंज। परिषदीय स्कूलों को निजी स्कूलों की तर्ज पर संचालित कर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनाने में जुटे शासन ने स्मार्ट क्लास चलाने की योजना बनाई है।
इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने अल्पसंख्यक बहुल जिले के चार ब्लॉकों के 49 स्कूलों का चयन किया है। लैपटॉप व प्रोजेक्टर समेत अन्य संसाधनों का प्रस्ताव अल्पसंख्यक विभाग को भेजा गया है।
निदेशक बेसिक शिक्षा विभाग ने पिछले दिनों स्कूलों का चयन कर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को प्रस्ताव देने का निर्देश दिया था।
इस पर बेसिक शिक्षा विभाग ने अल्पसंख्यक बहुल बहादुरपुर व सिंहपुर ब्लॉक के 11-11 परिषदीय स्कूलों के साथ जगदीशपुर ब्लॉक के 15 और बाजार शुकुल ब्लॉक के 12 स्कूलों का चयन स्मार्ट क्लास संचालन के लिए किया है।
बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं के साथ ही लैपटॉप, प्रोजेक्टर स्क्रीन व फर्नीचर आदि की स्थापना का प्रस्ताव जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय को भेजा है।
प्रस्ताव मिलने के बाद अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने शासन से प्रति स्कूल दो लाख रुपये की दर से आवंटित करने की मांग की है। धन के आवंटन के बाद चिह्नित स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की बढ़ोतरी करते हुए स्मार्ट क्लास संचालित कर बच्चों को गुणवत्ता परक शिक्षा मुहैया कराई जाएगी।
बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि चयनित स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालन की सारी लागत व व्यवस्था अल्पसंख्यक कल्याण विभाग करेगा। स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालित होने से करीब पांच हजार बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने में सहूलियत होगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विद्या देवी ने बताया कि धन के आवंटन के बाद नियमानुसार व गुणवत्ता परक तरीके से व्यवस्थाएं दुरुस्त कर स्मार्ट कक्षाओं का संचालन शुरू होगा।