सुल्तानपुर। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल के तहत मुजफ्फरपुर स्टेशन पर आठ मार्च से 19 मार्च के बीच नॉन इंटरलाकिंग समेत अन्य कई कार्य किए जाएंगे। इस अवधि के बीच मुजफ्फरपुर स्टेशन से गुजरने वाली 36 ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है। साथ ही 19 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा।
इस कड़ी में आनंद विहार टर्मिनल से रक्सौल को जाने वाली सद्भावना डाउन स्पेशल ट्रेन का संचालन आरंभिक स्टेशन आनंद विहार टर्मिनल से नौ, 11, 12, 14, 16 व 18 मार्च को निरस्त किया गया है। वहीं रक्सौल से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली सद्भावना स्पेशल अप एक्सप्रेस का संचालन 10, 12, 14, 16, 17 व 19 मार्च को आरंभिक स्टेशन रक्सौल से निरस्त किया गया है।
ट्रेन का संचालन निरस्त होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने सद्भावना एक्सप्रेस का संचालन निरस्त होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग के कार्य को लेकर रूट से होकर जाने वाली सद्भावना अप व डाउन एक्सप्रेस का संचालन विभिन्न तिथियों पर आरंभिक स्टेशनों से निरस्त किया गया है।