सुल्तानपुर में रात में पेड़ पर ड्रोन की अफवाह से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मौका मुआयना किया। मौके से जो मिला उसे देखकर पुलिस ने माथा पकड़ लिया।
यूपी के सुल्तानपुर में भदैंया क्षेत्र के जादीपुर गांव में शुक्रवार की रात करीब 9.00 बजे ग्रामीणों ने महुआ के पेड़ पर रोशनी चमकती देखी। ग्रामीणों में ड्रोन होने की अफवाह फैल गई। इससे गांव में दहशत का माहौल हो गया। ग्रामीण लाठी लेकर पहुंच गए। साथ ही पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीण पेड़ पर चढ़े। चमक रही वस्तु के पास जाकर देखा तो वह ड्रोन नहीं बल्कि बैटरी व तार से जुड़ा मिनी बल्ब निकला। पुलिस कर्मी बल्ब, उससे जुड़ा तार व बैटरी कोतवाली देहात ले गए।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने बताया कि पेड़ पर एक मिनी बल्ब मिला है। यह किसी अराजकतत्व की हरकत की है। ड्रोन की अफवाह उड़ी थी। लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की जा रही है।