सुल्तानपुर। शहर के गोमती नदी के सीताकुंड घाट पर गोमती कॉरिडोर बनाया जाएगा। डीएम के प्रस्ताव पर शासन के पर्यटन विभाग ने 3.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस की अयोध्या शाखा को काम दिया गया है।
सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने पर्यटन विभाग से कार्ययोजना बनाते हुए शासन को भेजा था। इसमें घाट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न कार्य कराने के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की गई थी। करीब चार महीने बाद शासन ने सीताकुंड घाट के पर्यटन विकास के लिए नदी की अच्छी सीढ़ी, टाॅयलेट ब्लॉक, पेयजल व्यवस्था, प्लेटफॉर्म के लिए तीन करोड़ 74 लाख रुपये स्वीकृत कर दिया है। घाट पर फेसाड लाइट लगवाने का कार्य पहले ही स्वीकृत है। इन कार्यों से सीताकुंड घाट पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए गोमती कॉरिडोर बनाया जाएगा। प्रभारी पर्यटन अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शासन ने स्वीकृति दे दी है। कार्यदायी संस्था जल्द कार्य शुरू करेगी। इस धार्मिक स्थल को विकसित किया जा रहा है।