भदैंया (सुल्तानपुर)। लखनऊ से वाराणसी का सफर अब आसान हो गया है। लखनऊ-वाराणसी फोरलेन में करीब 10 वर्षों से बाधा बन रहा रेलवे ओवरब्रिज मंगलवार को चालू कर दिया गया। जिसके बाद वाहन फर्राटा भरने लगे। हनुमानगंज बाजार में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिल गई है। वाहन चालकों के चेहरे पर खुशी भी देखी गई। आरओबी का उद्घाटन छात्रा शिवानी ने फीता काटकर किया।
हाईवे का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी हनुमानगंज रेलवे ओवरब्रिज का कार्य जारी रहने से लोगों को सहूलियत नहीं मिली थी। लोगों को महानपुर के पास से हनुमानगंज कस्बे से करीब डेढ़ किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा था। ऐसे में हनुमानगंज में पखरौली की रेलवे क्रॉसिंग पर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। अब ओवरब्रिज के चालू होने से रेलवे क्रॉसिंग पार करने का झंझट खत्म हो गया है।
आवागमन संचालित कराने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण वाराणसी के अधिकारी दोपहर में पहुंचे। ओवरब्रिज पर रंग-बिरंगे गुब्बारे लगाकर अधिकारी यात्रियों की प्रतीक्षा करते रहे। इस बीच पास के एक विद्यालय की कक्षा नौ की छात्रा शिवानी सैनी निवासी बेलामोहन घर जाने के लिए निकली।
एनएचएआई के अधिकारियों ने छात्रा को रोककर उसी से फीता कटवाते हुए नारियल फोड़वा कर ओवरब्रिज से आवागमन शुरू करा दिया। इस मौके पर मौजूद एनएचएआई के प्रबंधक नितिन कुमार, सहायक प्रबंधक राकेश कुमार नेगी, चंद्रप्रकाश पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे। एनएचएआई के प्रबंधक नितिन कुमार ने बताया कि हाईवे का आवागमन शुरू करा दिया गया है।