सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने विशेष व्यवस्था की है। आठ से 10 जून तक आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा को देखते हुए सुल्तानपुर डिपो से 63 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
डिपो इंचार्ज नान्हूराम सरोज ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सात ही 8 से 10 जून तक सभी चालक और परिचालकों की छुट्टी भी निरस्त कर दी गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा में लखनऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या और अंबेडकरनगर सहित आसपास के जिलों से काफी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है।
परीक्षा अवधि के दौरान बस सेवाएं लगातार संचालित रहेंगी, जिससे परीक्षार्थी समय से अपने केंद्रों तक पहुंच सकें। डिपो इंचार्ज नान्हूराम सरोज ने शनिवार सुबह अनुबंधित बस संचालकों के साथ बैठक की। बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा को संपन्न कराने के लिए तैयार रहें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।