1. रोडवेज बस अड्डे पर खड़ी बसें। संवाद
सुल्तानपुर। जिले के छह ग्रामीण रूटों पर परिवहन निगम ने रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया है। ग्रामीण यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। निगम का तर्क है कि इन रूटों पर कम सवारियां होने से सेवा बंद की गई।
ग्रामीण क्षेत्र में यात्रा बेहतर बनाने के लिए परिवहन निगम ने साल भर पहले 39 रूट तय किए थे। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते कुछ रूटों पर नियमित बस सेवा शुरू नहीं हो सकी। बस स्टेशन इंचार्ज नान्हूराम सरोज के अनुसार सवारी कम मिलने के कारण कटका-मायंग, कामतागंज-शिवगढ़, ज्ञानीपुर, तातोमुरैनी और बेलहरी समेत छह रूटों पर बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। बताया कि यदि संबंधित रूट से सवारियां निकलने लगेंगी तो बसों का संचालन कराया जाएगा।
ग्रामीण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं
कटका-मायंग रूट के नियमित यात्री अशोक कुमार और शिवकरन वर्मा का कहना है कि उन्हें मजबूरी में ऑटो रिक्शा से सफर करना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसा दोनों ज्यादा खर्च हो रहा है। कामतागंज-शिवगढ़ रूट के मनोज बताते हैं कि उन्हें व्यापार के सिलसिले में हर दूसरे-तीसरे दिन जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, लेकिन बस सेवा बंद होने से आवागमन कठिन हो गया है। शिवगढ़ के छात्र अर्पित कुमार का कहना है कि अब पढ़ाई के लिए आने-जाने में डग्गामार वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बस सेवा बहाल करने की मांग की है।