करौंदीकलां के गंगापुर में उखड़ी सड़क की गिट्टियां।
करौंदीकला (सुल्तानपुर)। गंगापुर से दशगरपारा तिराहे तक लोक निर्माण विभाग से बन रही सड़क 10 दिन में ही टूटने लगी है। इस सड़क की लंबाई करीब नौ किमी है। इसके निर्माण पर 26 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
सड़क का निर्माण पिछले मार्च मेें शुरू हुआ था। कार्य की मॉनिटरिंग नहीं होने से निर्माण में खूब मनमानी हुई। नतीजा यह हुआ कि सड़क बनने के साथ ही टूटने लगी। पिछली 18 अप्रैल को नारायणपुर नागनाथपुर में सड़क की गिट्टियां उखड़ गई थीं। अमरेमऊ, गंगापुर, अमनाइकपुर, बांगर कला में सड़क की गिट्टियां उखड़नी शुरू हो गई है। जिससे ग्रामीणों में रोष है।
लोग निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं। अजय उपाध्याय, उमेश पांडेय, वैभव पांडेय, अनुपम, रामजीत सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण में तारकोल का मानक के अनुसार प्रयोग नहीं होने से यह नौबत आई है। अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग अतुल वर्मा ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द ठीक किया जाएगा।