अमेठी। स्थानीय विकासखंड के गांव पूरे प्रेम मजरे उमापुर गानापट्टी को जोड़ने वाली कच्ची सड़क बारिश के चलते कटकर बह गई है, जिसके चलते ग्रामीणों की आवाजाही बाधित है। ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते हर जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ब्लॉक के गांव पूरे प्रेम मजरे उमापुर गानापट्टी को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए चरपुलिया की ओर से एक कच्ची सड़क गई है। यह सड़क बारिश के चलते चरपुलिया के समीप कटकर बह गई है।
ग्रामीण जितेंद्र तिवारी, रामेंद्र तिवारी, संजू, अनिल तिवारी, अंजनी कुमार, दीपक, कपिल, प्रेमनाथ का कहना है कि गांव के लिए अब कोई रास्ता नहीं है। पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचने के लिए बारिश के पूर्व कच्चा रास्ता सहयोग से बनाया गया है, जिस पर पैदल भी नहीं चला जा सकता।
पश्चिमी रेलवे केबिन की ओर बनी यह कच्ची सड़क भी बारिश से कटकर बह गई है। उस स्थान पर ग्राम प्रधान एवं उच्चाधिकारियों से पाइप डालने के लिए कहा गया लेकिन दो दिन हो गया अभी तक कोई पहल नहीं हुई। रास्ता कटने से ग्रामीणों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।