सुल्तानपुर। धनपतगंज के टीकर ग्राम पंचायत की प्रधान और दो कर्मचारियों ने मिलकर दूसरी जगह तालाब की खोदाई करा डाली। शिकायत पर हुई जांच में आरोप सही पाए गए हैं। रिपोर्ट पर डीएम ने प्रधान और दोनों कर्मचारियों से बराबर की धनराशि वसूली करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त मनरेगा ने बताया कि ग्राम पंचायत में गंदानाला के उत्तर सोनई गुप्ता के घर से दक्षिण तालाब की खोदाई का कार्य 2.41 लाख में स्वीकृत हुआ था। शिकायत पर संयुक्त मजिस्ट्रेट लंभुआ, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता व आरईडी के सहायक अभियंता से कराई जांच में चयनित स्थल पर तालाब की खोदाई नहीं मिली।
ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव व तकनीकी सहायक ने मिलकर दूसरे स्थल पर तालाब की खोदाई करा दी। उपायुक्त मनरेगा अजीत कुमार सिंह ने बताया कि जांच में ग्राम प्रधान उमा मिश्रा, तत्कालीन पंचायत सचिव शकुंतला त्यागी व तकनीकी सहायक सुधाकर पांडेय से बराबर की धनराशि 81,619 रुपये मनरेगा के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। एक सप्ताह में धनराशि जमा नहीं करने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।