सुल्तानपुर। माघ पूर्णिमा पर शनिवार को श्रद्धालुओं ने शहर में सीताकुंड स्थित आदि गंगा गोमती में आस्था की डुबकी लगाई। महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और पुरोहित से गोदान करा पुण्य लाभ अर्जित किया। गरीबों को दान-दक्षिणा देकर परिवार में खुशहाली की कामना की।
स्नान पर्व माघ पूर्णिमा पर सीताकुंड घाट पर शनिवार को भक्तों की भीड़ जुटी। कड़ी धूप से बचने के लिए श्रद्धालुओं ने सुबह के समय ही स्नान करना मुनासिब समझा। आदि गंगा गोमती में आस्था की डुबकी लगाकर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान घाट पर मौजूद पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के बीच भक्तों से गोदान कराया और उन्हें खुशहाली का आशीर्वाद दिया। सीताकुंड घाट पर स्थित देवी व शिव मंदिरों पर महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मानीं। भक्तों ने पूजन अर्चन करने के बाद गरीबों को दान-दक्षिणा देकर घर-परिवार में खुशहाली की कामना की।
उधर, लंभुआ के पवित्र स्थल धोपाप और मोतिगरपुर के दियरा घाट पर भी लोगों ने आदि गंगा गोमती में स्नान कर गरीबों में दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। माघी पूर्णिमा के स्नान के लिए गोमती मित्रों ने धाम परिसर पर की सफाई की। रमेश माहेश्वरी ने बताया कि बुजुर्ग श्रद्धालुओं की मदद के लिए युवा गोमती मित्र लगातार तट पर मौजूद थे।