सुल्तानपुर। सीबीसीआईडी के पूर्व अभियोजन अधिकारी सुरेश चंद्र अग्निहोत्री की करीब 38 साल पहले हुई हत्या के मामले में गवाही देने रिटायर्ड डीआईजी एसके सिंह सोमवार को भी नहीं आए। उन्होंने अमेरिका में मौजूद होने की सूचना देकर मौका देने की मांग की। एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की अदालत ने आठ दिसंबर के लिए रिटायर्ड डीआईजी को तलब किया है।
कोतवाली देहात थाने के नकराही गांव के तत्कालीन प्रधान इसरार अहमद ने 28 फरवरी 1987 की घटना का जिक्र करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप के मुताबिक, एक व्यक्ति की हत्या कर उनके गांव स्थित कुएं में शव फेंक दिया गया था। शव की पहचान शाहजहांपुर निवासी पूर्व सीबीसीआईडी के अधिकारी सुरेश चंद्र अग्निहोत्री के रूप में हुई थी। पूर्व सीबीसीआईडी अभियोजन अधिकारी सुरेश चंद्र अग्निहोत्री गोसाईगंज थाने से जुड़े करीब डेढ़ क्विंटल अफीम बरामदगी के मामले में दरोगा इम्तियाज अहमद के साथ सीजेएम कोर्ट में गवाही देने सुल्तानपुर आए थे, लेकिनउस दिन गवाही नहीं हो सकी थी।
इसके चलते वह गोसाईगंज थाने में रुक गए थे। आरोप के मुताबिक इसी बीच आरोपियों ने उनकी हत्या कर नकराही गांव के कुएं में उनका शव फेंक दिया था। मामले में सुल्तानपुर जिले के चर्चित व्यापारी आरोपी संतलाल जायसवाल, दरोगा इम्तियाज अहमद, बाराबंकी जिले के निवासी हफीज व गुलाम मुस्तफा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। ट्रायल के दौरान आरोपी संतलाल जायसवाल की मौत हो चुकी है, शेष के खिलाफ ट्रायल चल रहा है।