सुल्तानपुर। शहर के व्यवसायी भरतजी सोनी के बेटे से पांच लाख रुपये की वसूली मांगने के मामले में जेल में बंद सराफा डकैतीकांड के आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ाने की कार्यवाही पर मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में सुनवाई चली। सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने इस मामले में जेल गए आरोपी दुर्गेश प्रताप सिंह सहित अन्य की रिमांड अवधि 17 अगस्त तक बढ़ा दी है।
कोतवाली नगर के ठठेरी बाजार निवासी सराफा व्यवसायी भरतजी सोनी ने 25 जून को स्थानीय कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप के मुताबिक 28 अगस्त 2024 को उनके शोरूम में डकैती हुई थी। उसमें आरोपी दुर्गेश प्रताप सिंह व अरविंद यादव सहित अन्य जेल भेजे गए थे। वादी के मुताबिक उनके पुत्र सुमित सोनी से 23 जून की रात करीब 11 बजे लखनऊ नाका ओवरब्रिज के पास से जाते समय बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पांच लाख रुपये की वसूली मांगी थी।
आरोपियों ने उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसकी जांच कर रहे उप निरीक्षक बब्लू सोनकर ने सराफा डकैती कांड से जुड़े आरोपीगण दुर्गेश प्रताप सिंह, त्रिभुवन कोरी उर्फ लाला, अंकित यादव, विनय शुक्ल, सचिन सिंह, अजय यादव, विपिन सिंह व गुजरात जेल में बंद अरबाज व फुरकान का नाम प्रकाश में लाते हुए उनका न्यायिक रिमांड मंजूर कराने की कार्यवाही पूर्व में पूरी कराई थी। मंगलवार को विवेचक की मांग पर कोर्ट ने 14 दिनों तक रिमांड की अवधि बढ़ा दी है।