कूरेभार। ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन से स्थानीय बाजार पर पड़ रहे असर को लेकर मंगलवार को स्थानीय कस्बे में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक हुई। व्यापारियों ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियों की भारी छूट, होम डिलीवरी, आकर्षक ऑफर के कारण छोटे और मध्यम व्यापारियों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है।
बैठक में कई दुकानदारों ने बताया कि ग्राहक बाजार में सामान देखकर जानकारी लेते हैं, लेकिन खरीदारी ऑनलाइन कर लेते हैं। बाजार अध्यक्ष सुजीत कसौधन ने कहा कि बदलते समय के साथ व्यापारियों को भी ग्राहकों के प्रति बेहतर व्यवहार, गुणवत्तापूर्ण सामान, उचित मूल्य और बिक्री के बाद बेहतर सेवा पर ध्यान देना होगा।
उन्होंने डिजिटल भुगतान, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिये कारोबार के प्रचार की अपील की। त्योहारों पर संयुक्त ऑफर, स्थानीय खरीदारी को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और ई-कॉमर्स कंपनियों की मूल्य निर्धारण नीति पर प्रभावी निगरानी की मांग का निर्णय लिया। इस मौके पर अरुण कसौधन, नितिन राय, अजीत गुप्ता, विजय अग्रहरि, पंकज शर्मा, नीतीश अग्रहरि, अमित वर्मा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।